
publicuwatch24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने बापू की याद में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया और देश के सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि 30 जनवरी का दिन पूरे देश के लिए बलिदान और स्मरण का दिन है। यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की याद दिलाता है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह ने भारत को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके विचार और जीवनशैली आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक हैं।
मुख्यमंत्री साय ने नागरिकों से अपील की कि वे गांधीजी के बताए मार्ग पर चलें और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाकर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा, “गांधी जी के विचार हमें नैतिकता, सहिष्णुता और मानवता की सीख देते हैं। हम सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात कर एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना चाहिए।”