
publicuwatch24.-कोरिया। कोरिया जिले का एक मतदान केन्द्र आज से करीब 15 वर्ष पूर्व देश भर की सूर्खियों में रहा। वह भी सिर्फ इसलिए क्योंकि प्रशासन ने यहां जंगल के बीच बसे एक परिवार के दो मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्र बनाया था। यह मतदान केन्द्र भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक के अंतर्गत आता है। तब से लेकर अब तक वह मतदान केन्द्र बनता रहा है। इस बार भी प्रशासन के द्वारा यहां मतदान केन्द्र बनाया गया है, लेकिन इस मतदान केन्द्र में परिवार का कुनबा बढ़ गया है और मतदाताओं की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
भरतपुर-सोनहत विधानसभा में स्थित मतदान केन्द्र जहां मतदाता आधा दर्जन की संख्या में भी नहीं है। जानकारी के अनुसार, भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में तीन मतदान केन्द्र ऐसे हैं, जहां मतदाताओं की संख्या दो अंक के अंकों को भी नहीं छू पाई है। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र वनांचल क्षेत्र हैं और यह प्रदेश का सबसे विरल जनसंख्या घनत्व वाला क्षेत्र है। इस क्षेत्र में ही क्षेत्रफल की दृष्टि से प्रदेश का सबसे बड़ा गुरूघासीदास नेशनल पार्क स्थित है, जो सघन वनों से आच्छादित है।
इसके कारण यहां कई गांव ऐसे हैं, जहां तक पहुंचने के लिए सुलभ सड़क मार्ग भी नहीं है। बमुश्किल से ट्रैक्टर के माध्यम से यहां पहुंचा जा सकता है। प्रशासन के द्वारा ऐसे दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र में भी मतदान केन्द्र बनाया है, ताकि वहां के मतदाताओं को अपने मताधिकार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। भरतपुर-सोनहत विधानसभा के मतदान केन्द्र शेराडांड में एक ही परिवार के पांच लोग मतदाता के रूप में दर्ज हैं। इन पांच लोगों को वोट देने का अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन चार सदस्यीय मतदान दल गठित कर उन्हें यहां मतदान संपन्न कराने के लिए भेजता है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रथम विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 भरतपुर-सोनहत का आधा एरिया कोरिया और आधा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में है। यहां का एक मतदान शेराडांड है, जहां सिर्फ पांच मतदाता ही है। जानकारी के अनुसार, मतदान केन्द्र क्रमांक-143 शेराडांड में कुल पांच मतदाताओं में तीन पुरुष और दो महिला मतदाता हैं। यह वही मतदान केन्द्र हैं, जहां आज से लगभग 15 वर्ष पूर्व सिर्फ दो ही मतदाता पति और पत्नी थे, जिनके लिए पहली बार प्रशासन ने मतदान केन्द्र बनाया था। तब यह केन्द्र प्रदेश ही नहीं बल्कि देश भर की सुर्खियों में रहा।