PU – रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरणपादुका और साड़ी देना बंद कर दिए जाने वाले बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने 15 साल जो लूट किया था, कांग्रेस ने उसे बंद किया है।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को लेकर अमित शाह के बयान पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने कहा कि चरणपादुका देने के नाम पर एक पैर में 6 नम्बर तो दूसरे पैर में 8 नम्बर की चप्पल देकर कमीशनखोरी करते थे। वहीं भाजपा की सरकार तेंदूपत्ता के लिए 2500 रुपए प्रति मानक बोरा देती थी, हमारी सरकार ने बढ़ा इसे 4000 रुपए किया। 12 राज्यों में छत्तीसगढ़ अकेला ऐसा राज्य है, जहां 4000 प्रति मानक खरीदा जाता है, जिससे भारतीय जनता पार्टी को पीड़ा हो रही है।
वहीं अमित शाह के राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ को क्या दिया वाले बयान पर सुशील आंनद शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ को न्याय दिया। राहुल गांधी ने किसानों का कर्ज मुक्त किया। किसानों को उनके फसल की सबसे ज्यादा कीमत दी। खेतीहर मजदूरों को 7000 सलाना देने की घोषणा की। अमित शाह औऱ प्रधानमंत्री मोदी ने 9 साल में छत्तीसगढ़ को क्या दिया, सिवाय शोषण के। लोकप्रिय सरकार को परेशान कर रहे हैं। ईडी की छापेमारी के सिवाय बीजेपी ने और कुछ नहीं दिया।
भारतीय जनता पार्टी की चुनावी यात्रा पर कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने पिछले पौने 5 साल में कोई भी राजनीतिक गतिविधियां नहीं की। पार्टी का स्थानीय नेतृत्व कुछ भी करने के मूड में नहीं है। चुनावी हथियार डाल दिया है, वहां अमित शाह जाकर हंटर चलाते हैं, उसके बाद कार्यक्रम घोषित करते हैं। परिणाम ये है कि अब संभागीय रैली निकाली जा रही है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक को लेकर सुशील आनंद ने कहा कि चुनाव समिति की बैठक राजीव भवन में आयोजित है। चुनाव समिति के सदस्यों से चर्चा होगी। जिलों से आई अनुशंसा पर विचार किया जाएगा। 6 तारीख तक प्रत्याशी की घोषणा कर देंगे।