
K.W.N.S.- बिलासपुर। तेज रफ्तार मेटाडोर की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हुई। इसके बाद मेटाडोर चालक रुकने के बजाय और तेजी से भागने लगा। उसने एक और बाइक को रौंद डाला। इसमें भी सवार एक युवक की मौत हो गई। मस्तूरी से मल्हार जा रहे स्वराज माजदा मेटाडोर सीजी 10 सी 6264 ने ग्राम टिकारी के पास सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारी। बाइक सवार बुरी तरह घायल होकर वहीं तड़पता रहा। लोग उसे अस्पताल ले जाने के लिए उठा रहे थे इसी बीच उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मेटाडोर चालक रुका नहीं और वह तेजी से भागा। मल्हार की ओर बकरकुदा गांव में उसने एक दूसरे बाइक सवार को टक्कर मारी। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे दूसरे युवक को गंभीर चोट आई। दूसरी बार दुर्घटना होने के बाद मेटाडोर का चालक उतरकर भाग निकला। इसमें दो महिलाएं भी सवार थीं। दुर्घटना के बाद वे भी तेजी से पैदल निकल गईं।