
रायपुर । प्रदेश में आज हरेली तिहार उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी पहली बार इसे उत्सव के रूप में मना रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास में भी हरेली उत्सव का आयोजन किया और बैलगाड़ी पर सवार होकर निकले। बैलगाड़ी से वे संस्कृति भवन तक गए। इस काफिले में 50 गेड़ी सवार, 11 डांस ग्रुप के अलावा हरी साड़ी में सज-धजकर 50 महिलाएं भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थीं। मुख्यमंत्री संस्कृति भवन में पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के बाद बिलासपुर के लिए रवाना हो गए, जहां वे हरेली उत्सव में सम्मिलित होंगे। इस उत्सव के लिए प्रदेश के सभी मंत्रियों और प्राधिकरणों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार के संस्कृति विभाग और कांग्रेस संस्कृति प्रकोष्ठ ने हरेली त्यौहार के लिए तैयारी पूरी कर ली है। पहली बार भव्य रूप से मनाए जाने के साथ ही सीएम बघेल ने हरेली पर छुट्टी की घोषणा की है। यह पहला मौका है, जब हरेली के उत्सव में ग्रामीणों व किसानों के साथ सरकार शामिल हो रही है। मुख्यमंत्री बघेल ने हरेली तिहार पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समय की चुनौती है कि हम अपनी संस्कृति को बचाएं। सीएम ने छत्तीसगढ़ी में कहा है कि छत्तीसगढ़ के सब्बो निवासी मन ला हरेली तिहार के बहुत बहुत बधाई। हमर छत्तीसगढ़ के कृषि, संस्कृति के अनुसार हरेली हा पहली तिहार ए। गांव-गंवई के जिनगी मा खेती के स्थान महतारी असन होथे। खेती हा महतारी असन हमर भरन पोसन करथे। एखरे सेती सावन के अमावस के ए तिहार हा जन जन के जिनगी से जुड़ जथे। हरेली हा हमर धरती माता के हरियाली के संदेस लेके आथे, अउ संग में हमर संस्कृति के संदेस घलो लेके आथे। हमर सामने ए समय चुनौती हे कि हम अपन संस्कृति ला कइसे बचाबो। आप मन के सरकार हा इही बात ला सोच के हरेली तिहार के छुट्टी देके फैसला करीस हे। आवव, हम अपन परंपरा ला, नवा जीवन देबर हरेली ला खूब धूम धाम से मनावन। गोठान के साफ सफाई करन। गऊ माता अउ पसुधन के जतन करन. नांगर, रापा, कुदारी के पूजा करन अउ गुड़-चीला के भोग चढ़ावन , लइका-जवान मन गेंड़ी चढ़ैं। गांव देहात के पारंपरिक खेल कूद के आयोजन करन. हरेली के रंग ला उत्साह ले भरना हे । मुख्यमंत्री ने कहा भाई बहिनी अउ सब्बो सियान मन से मनुहार करत हंव कि आवव एक नवा सुरुआत करन अउ हरेली ला हम अपन बर अउ नवा पीढ़ी बर छत्तीसगढ़ के संस्कृति के पहिचान बनावन. हमन छत्तीसगढ़ म नरवा, गरुवा, घुरुवा, बारी योजना सुरु करे हन, उखरो उद्देस्य इही हे. मोला विस्वास हे कि इही योजना हा छत्तीसगढ़ के चारो चिन्हारी ला फेर से जीवन दीही अउ हम सबके सपना साकार होही।