
रायपुर । हरेली तिहार इस बार प्रदेशवासियों के लिए बेहद खास होगा। ग्राम, जनपद और जिला स्तर पर हरेली के दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। रायपुर जिले में जिला स्तरीय आयोजन गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के मुख्य आतिथ्य में अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत थनौद में होगा।
कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर हरेली तिहार के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढी़ संस्कृति को सहेजने और संवारने के लिए राज्य सरकार द्वारा इस बार ‘हरेली तिहार’ भव्य तरीके से मानने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने ग्राम पंचायत, जनपद, नगरीय निकाय और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले हरेली के कार्यक्रमों में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने कहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बताया कि हरेली तिहार पर एक अगस्त को ग्राम पंचायत, जनपद, नगरीय निकाय और जिला स्तर पर समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय आयोजन अभनपुर के थनौद में तथा विकासखण्ड स्तरीय आयोजनों में धरसींवा के पथरी और माना कैम्प में, आरंग के बेनीडीह और पारागांव में तथा तिल्दा के बुढ़ेनी में आयोजित होंगे। हरेली तिहार के कार्यक्रमों में जिले में प्रथम चरण में बनाए गए सभी 97 गौठानों का उपस्थित अतिथियों द्वारा लोकार्पण और बड़े पैमाने पर पौधरोपण का कार्य किया जाएगा। हरेली तिहार के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण खेलकूद जैसे गेंड़ी दौड़, खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, बिल्लस आदि का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा समारोह स्थल में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जाएंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को दृष्टिगत रखते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।