रायपुर । रायपुर नगर निगम के मेयर इन काउंसिल की आज बैठक आयोजित की गई। जिसमें 17 प्रस्ताव स्वीकृत किये गये। वहीं 3 प्रस्तावों को चर्चा के लिये रख लिया गया है।निगम मुख्यालय भवन में आयोजित बैठक में महापौर प्रमोद दुबे की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अनवर हुसैन, जसबीर सिंह ढिल्लन, श्री नागभूषण राव, एजाज ढेबर, समीर अख्तर, श्रीकुमार मेनन, राधेष्याम विभार, विमल गुप्ता, श्रीमती निषा देवेन्द्र यादव उपस्थित थे। बैठक में नया बस स्टैण्ड पंडरी में 59 व्यवसायियों को अस्थायी रूप से व्यवसाय हेतु भूखण्ड का आबंटन किया गया था। आईएसबीटी योजना अंतर्गत रावणभाठा में बस स्टैण्ड का निर्माण किया गया है। पंडरी बस स्टैण्ड का स्थानांतरण रावणभाठा बस स्टैण्ड में किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ वहां व्यवसायरत 59 अस्थायी दुकानदारों का व्यवस्थापन किये जाने का प्रस्ताव एमआईसी की बैठक में स्वीकृत की गई। साथ ही यह भी प्रावधान रखा गया कि कुछ लोगो के पास नया बस स्टैण्ड में दुकान होने के सबूत के रूप में निगम की टैक्स की रसीदें है। किन्ही कारणों से उनकी दुकानों को हटा दिया गया है। उन रसीदों को देखकर जांच उपरांत उन्हें भी दुकानें देने का प्रावधान रखा गया है।
रायपुर नगर निगम के समस्त आठों जोनो एवं विद्युत विभाग के सेन्ट्रल जोन द्वारा विद्युत संधारण कार्य हेतु कलेक्टर दर पर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से श्रमिक उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिये निविदा अलग-अलग आमंत्रित की जाती है।