
रायपुर । लोकसभा के एक पत्र ने पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू को हैरान और परेशान दोनों कर दिया है। समझ नहीं आ रहा कि पत्र के जरिये वो सांसद चुने पर खुशी जतायें या फिर पेंशन बंद कर दिये जाने का गम। क्योंकि पेंशन विभाग ने चंद्रशेखर के सांसद के तौर पर मिलने वाला पेंशन इसलिए बंद कर दिया है, क्योंकि लोकसभा की नजर में चंद्रशेखर साहू 2019 में सांसद चुन लिये गये हैं, जबकि ऐसा हुआ ही नहीं है। उन्होंने तो चुनाव भी नहीं लड़ा था। लेकिन पत्र में उन्हें बताया गया है कि वो 25 मई को सांसद चुन लिये गये हैं, इसलिए उनकी पेंशन बंद की जाती है। दरअसल मामला यूं है कि पूर्व सांसद रहे चंद्रशेखर साहू को पेंशन कुछ महीने से नहीं मिल रहा था। पिछले दिनों इसकी शिकायत उन्होंने केंद्रीय पेंशन एकाउंट आफिस में की थी साथ ही बढ़े हुए पेंशन राशि के आधार पर पेंशन भुगतान की मांग की थी। वहां उनका आवेदन ले तो लिया गया, लेकिन जब वो दिल्ली से वापस रायपुर लौटे तो उनके पते पर सेंट्रल पेंशन एकाउंट आफिस से एक पत्र आया था, पत्र में लिखा गया था कि 25 मई को 2019 को सांसद चुने जाने की वजह से आपका पेंशन बंद किया जाता है। पत्र देखते हुए चंद्रशेखर साहू का सिर घूम गया, क्योंकि उन्होंने तो लोकसभा का चुनाव ही नहीं लड़ा था। अब चुनाव लड़ा नहीं तो वो चुनाव जीत कैसे गये. पत्र में लिखा है। इस पत्र के बाद अब चंद्रशेखर साहू की परेशानी बढ़ गयी। हालांकि जब पता किया गया तो मालूम चला कि चंद्रशेखर साहू नाम के सांसद 17वीं लोकसभा में चुने तो गये हैं, लेकिन वो छत्तीसगढ़ के नहीं है, बल्कि वो उड़ीसा के सांसद हैं। लेकिन उड़ीसा के सांसद को छत्तीसगढ़ के चंद्रशेखर साहू समझकर उनका पेंशन बंद कर दिया गया।
उड़ीसा से चंद्रशेखर साहू बीजेडी से जीते हैं : उड़ीसा के बेरहामपुर से बीजेडी उम्मीदवार चन्द्रशेखर साहू ने जीत हासिल की है, जिन्हें इस चुनाव में 4,43,843 वोट प्राप्त हुआ तो वहीं इस सीट पर भाजपा के भृगु बक्सीपत्र को करीब एक लाख से ज्यादा वोट से हराया था।