
रायपुर । चिटफंड घोटाले में एफआईआर दर्ज होने पर पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने तीखी नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण को लेकर वो कोर्ट जायेंगे और उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करायेंगे। पैकरा ने कहा कि वो भी चाहते हैं कि प्रकरण की जांच की जाये, दोषियों को सजा मिले, लेकिन साजिशन किसी पर भी आरोप लगाना सही नहीं है। महासमुंद के खल्लारी थाने में पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के साथ प्रदेश के छह अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। सभी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पूरा मामला सनसाइन चिटफंड घोटाले से जुड़ा है, जिसमें महासमुंद सहित पूरे प्रदेश के लोगों ने पैसा जमा कराया था। महासमुंद के व्यक्ति ने कंपनी में 13 लाख रुपये जमा कराये थे, जिन्हें ये लालच दिया गया था कि छह साल में पैसा दोगुना कर दिया जायेगा। पैसा जमा कराने के बाद रकम लेकर कंपनी भाग गयी। पीड़ित लोगों ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद हाईकोर्ट ने कार्रवाई का ये आदेश जारी किया है।