
रायपुर । शिक्षा विभाग के ट्रांसफर लिस्ट पर बवाल मचा ही था कि अब राजनांदगांव के जिला आयुर्वेद विभाग में हुए तबादले पर हंगामा शुरू हो गया है। हाल ही में विभाग में 10 कर्मचारियों का तबादला हुआ है, जिसकी सूची 12 जुलाई को जारी हुई है। राजनांदगांव जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के डॉक्टर के साथ कर्मचारियों के तबादले से नाराज कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ने गाली गलौज कर धमकी दे डाली, तो डॉक्टर साहब भी कांग्रेस नेता की शिकायत लेकर एसपी के पास पहुंच गये हैं। तो वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस प्रकरण में जानकारी लेने की बात कही है। इस दौरान कांग्रेस नेता का ऑडियो भी वायरल हो गया है। कथित ऑडियो में धमकी देने और बदसलूकी करते नेताजी कैद हुए हैं। राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नवाज खान ने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के डाक्टर को धमकी देते हुए कहा कि ‘अरे मेरे कहने पर मुख्यमंत्री ट्रांसफर करता है, तो तुम कौन हो ट्रांसफर कराने वाले, अब अपना बोरिया बिस्तर बांध लो.’ दरअसल, राजनांदगांव जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मे पदस्थ डॉक्टर अरविंद कुमार मरावी ने कांग्रेस नेता नवाज खान की अनुशंसा को दरकिनार करते हुए विभाग मे कर्मचारियों के तबादले कर डाले। बस इसी से नेता जी का पारा चढ़ गया और डॉक्टर अरविन्द मरावी को गाली गलौच के साथ देख लेने की धमकी देते हुए बस्तर ट्रांसफर करने की धमकी दे डाली। जिला आयुर्वेद अधिकारी अरविंद मरावी का आरोप है कि कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवाज खान ने उनसे गाली-गलौच की। पूर्व में भी नवाज खान पर रेत तस्करी, अवैध वसूली, पार्टी के नाम पर चंदा वसूली, सट्टा चलाने के आरोप कांग्रेस के नेतागण लगाते रहे हैं।
क्या मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता पर कार्यवाही करेंगे : राजेश मूणत : राजनांदगांव जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री राजेश मूणत ने जिले के आयुर्वेद अधिकारी अरविंद मरावी को राजनांदगांव ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान द्वारा गाली-गलौज कर मुख्यमंत्री के नाम पर धमकाने के मामले में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किस तरह की कार्य संस्कृति कांग्रेस सरकार में पनप चुकी है यह घटना इसका जीता जागता उदाहरण है। मूणत ने कहा कि इस मामले में सारे तथ्य एकदम स्पष्ट हैं कि कांग्रेस का एक पदाधिकारी किस तरह एक सरकारी अधिकारी पर दबाव बनाकर उन्हें प्रताड़ित कर रहा है।