
कोरबा । शहर के जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं का जमावड़ा लगा हुआ है. यहां कभी बिजली गुल हो जाती है तो कभी मशीनें काम करना बंद कर देती है. जिससे मरीज सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं. अस्पताल में इस समय बिजली आंखमिचौली का खेल खेल रही है.जिस पर अस्पताल प्रबंधन चुप्पी साधे दिख रहा है।
एक तरफ उमस के साथ गर्मी बढ़ रही है तो वहीं जिला अस्पताल में लाइट नहीं होने से मरीज गर्मी से उबल रहे हैं.खास तौर पर इसका गहरा असर ब्लड बैंक में देखने को मिल रहा है. जिला चिकित्सालय में विद्युत व्यवस्था ठप पड़ी है यहां लगी मशीनें और कंप्यूटर लगातार बिजली के अप डाउन का झटका खा रहे हैं।
ऐसे में ब्लड बैंक में रखें खून के खराब हो जाने की आशंका है. बता दें कि रक्तदाता दिवस के दिन बड़े पैमाने पर लोगों ने रक्तदान किया था. ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर जेएस जात्रा ने बताया कि विद्युत व्यवस्था पिछले कुछ दिनों से चरमराई हुई है इसकी शिकायत संबंधित विभाग से भी की जा चुकी है लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था में किसी भी तरह का सुधार नहीं हुआ है।
भीषण गर्मी और उमस में कूलर-एसी बंद पड़े हैं. पसीना पसीना हो रहे चिकित्सक भी बिजली की समस्या से परेशान हैं मरीज भी कूलर नहीं चलने से बेचैन है. जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर आर के दिव्य ने बताया कि पिछले कई महीने से समस्या बनी हुई है लेकिन इससे निजात नहीं मिल पा रहा है।