
मगरलोड । उत्तर सिंगपुर मोहंदी वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत बिरझुली के पेंड्रा जंगल में कई दिनों से सैकड़ों की संख्या में बेशकीमती इमारती बीजा पेड़ों की अवैध कटाई होने से और पाहन्दा जंगल में दो हिरण एक कोठरी की मौत पर सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं ।
उन्होंने कहा वन्यजीवों की रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है. पेंड्रा जंगल में हजारों बीजा जैसे बेशकीमती पेड़ों की अवैध कटाई से वन विभाग की जागरूकता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं उन्होंने कहा वन अधिकारी कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण वन संपदा का अवैधानिक तरीके से दोहन किया जा रहा है. ये अवैध कार्य भाजपा सरकार में चलता था लेकिन अब नहीं चलेगा. लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों की वजह से वन्य जीव जंतु भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं ।
पेंड्रा के जंगलों में बीजा जैसे पेड़ों की अवैध कटाई और पाहन्दा जंगल में वन्यजीवों की मौत होने पर विधायक ने प्रदेश के वन विभाग के मुखिया पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी से नराजगी जताई है. साथ ही वन्य क्षेत्रों में वन्य प्राणियों के पेयजल के लिए बड़े तालाब बनाने, इन तालाबों में सोलर पंप से चलने वाला बोरवेल्स उत्खनन करने एवं वॉच टॉवर बनाने का सुझाव दिया है. जिम्मेदार वन अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवही के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी. उन्होंने वन अधिकारियों कर्मचारियों को वन संपदाओं की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने की सख्त हिदायत दी है ।