
सरगुजा । स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज सरगुजा जिले में गहिरा गुरू विश्वविद्यालय से संबद्ध अभियांत्रिकी महाविद्यालय, लखनपुर में ‘आधुनिक समाज और सामाजिक वातावरण में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (Role of Science and Technology in Modern Society and Social Environment)’ की भूमिका विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आदिकाल से विज्ञान और तकनीक मानव के लिए जिज्ञासा का विषय रहा है। आधुनिक समाज को नई दिशा देने में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विज्ञान और तकनीक के माध्यम से ही मानव समाज विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है।
सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए श्री सिंहदेव ने कहा कि आज सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक बहुत कम समय में सूचनाएं संप्रेषित की जा सकती है। तकनीक का सही उपयोग जरूरी है, अन्यथा इसके कई दुष्परिणाम भी भुगतने पड़ते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को मानव विकास के लिए बेहद जरूरी बताते हुए ऐसी तकनीकों को प्रोत्साहित करने की बात कहीं जिससे पर्यावरण का नुकसान कम से कम हो। सम्मेलन को अम्बिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की और गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रोहिणी प्रसाद ने भी संबोधित किया। इस मौके पर गहिरा गुरू विश्वविद्यालय सरगुजा एवं अभियांत्रिकी महाविद्यालय लखनपुर के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।