रायपुर । झीरम नक्सली हमले में मारे गए कांग्रेस नेताओं की पुण्यतिथि पर शनिवार को कांग्रेस प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में शहादत दिवस मनाएगी। झीरम कांड में घायल पूर्व केंद्रीय मंत्री पं. विद्याचरण शुक्ल की इलाज के दौरान 11 जून को मौत हुई थी, इसलिए पार्टी 11 जून को उनकी पुण्यतिथि पर भी शहादत दिवस मनाएगी। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया कि 25 मई 2013 को हुए झीरम कांड में तत्कालीन पीसीसी अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार, योगेंद्र शर्मा, गोपी माधवानी, अल्लानूर भिंडसरा, अभिषेक गोलछा समेत पार्टी के अन्य नेता मारे गए थे। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए शहादत दिवस मनाया जाएगा। शहादत दिवस में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला, ब्लॉक, मोर्चा-संगठन और विभागों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे ।