
publicuwatch24.com,लोरमी। एक तरफ मनियारी नदी बचाओ अभियान चलाया जा रहा है, दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारी ही अभियान को पलीता लगाने में लगे हुए हैं. अधिकारियों के नाकों के नीचे मनियारी नदी में अवैध निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है. पार्षद के लिखित शिकायत के बाद भी मामले में कार्रवाई करने से अधिकारियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं।
लोरमी नगर पंचायत क्षेत्र से प्रवाहित मनियारी नदी में अतिक्रमण करने का गंभीर मामला सामने आया है. इसकी लिखित शिकायत पार्षद सोहन डड़सेना के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगर पंचायत सीएमओ से आठ माह पहले की थी, लेकिन अब तक संबंधित व्यक्ति को नोटिस देने के अलावा कोई कार्रवाई नहीं की गई है. जिम्मेदार अधिकारियों की नींद का आलम यह है किलोरमी-कोटा मेनरोड मनियारी नदी में बने पुलिया के पास चुड़ी दुकान संचालक ने बेख़ौफ अवैध रूप से दो मंजिला मकान खड़ा कर डाला है।
मामले कि शिकायत करने वाले वार्ड पार्षद सोहन डड़सेना बताते हैं कि मनियारी नदी में हो रहे अवैध मकान निर्माण की लिखित शिकायत वार्डवासियों के साथ मिलकर आठ माह पहले नगर पंचायत मे की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नगर पंचायत सीएमओ सवीना अनंत ने बताया कि वार्डवासियों की शिकायत पर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया है. नदी में अतिक्रमण कर अवैध मकान निर्माण करना पाया गया है, जिस पर अवैध मकान बनाने वाले को तीन बार नोटिस जारी किया गया है, जिसका उसने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है. उन्होंने कहा अब राजस्व विभाग के अधिकारी जब आदेश करेंगे उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।