
publicuwatch24.com, बालोद। जिले में लॉकडाउन के चलते कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए 11 से 19 अप्रैल तक सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए थे. जिसके बाद बालोद मुख्यालय में संचालित होने वाले दूध गंगा भी बंद कर दिया गया था. जहां शुद्ध दूध व खोए से बनी कई तरह की मिठाइयां बेची जाती है. 300 पशुपालक परिवार का गुजारा यही से होता है और प्रतिदिन यहां जिले के पशुपालक 1300 से 1500 लीटर दूध बेच कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं. ऐसे में दूध की खपत नहीं होने के कारण प्रतिदिन 11 सौ लीटर नाले में बहाना पड़ रहा है।
बकायदा सुबह व शाम दूधगंगा संचालित करने वाली समिति पशुपालकों से दूध लेती हैं लेकिन प्रशासन के गाइडलाइन के अनुसार सुबह व शाम को दो-दो घंटे दूध गंगा खुलता है. जिसके चलते केवल ढाई सौ लीटर ही दूध बिक पाता है. बाकी बचे 11 सौ लीटर दूध नाले में बहाना पड़ता है और सैकड़ों लीटर दूध लोग ऐसे ही निशुल्क घर ले जाते हैं।
समिति के अध्यक्ष कमलेश गौतम ने बताया कि पिछले साल भी कोरोना के कारण इसी तरह से लॉकडाउन हुआ था. उस समय के बचे दूध का उपयोग खोवा बनाने के लिए किया गया. लेकिन अधिक दिनों तक लाकडाउन होने के कारण खोवा भी नहीं हो पाया और दोहरे मेहनत करने के बाद सारा खोवा खराब हो गया. जिसके कारण इस बार दूध को नाले में बहाना पड़ रहा है।
दूध गंगा संचालित करने वाली समिति के सामने बड़ी चुनौती है अगर पशुपालकों से दूध नहीं लेंगे तो पशुपालकों कि जिंदगी का गुजारा करने में काफी परेशानी आएगी और लेने के बावजूद खपत नहीं होने से समिति परेशान हैं. समिति ने निर्णय लिया है कि 21 अप्रैल से दूध का मूल्य घटाकर 24 रुपये पशुपालकों दिया जाएगा जबकि अभी दूध का पूरा मूल्य प्रति लीटर के हिसाब से 37 रूपये भुगतान किया जा रहा है. समिति की मानें तो अगर इसी तरह से स्थिति रही तो दूध गंगा को बंद करना पड़ेगा।