नई दिल्ली। बांग्लादेश के बाएं हाथ के बल्लेबाज इमरुल कायस ने विराट कोहली के साथ स्लेजिंग का एक किस्सा याद किया है। उन्होंने बताया कि किस तरह 2011 में विराट कोहली उन्हें लगातार स्लेज कर रहे थे। इसके बाद तमीम इकबाल की वजह से उन्होंने स्लेजिंग बंद की और अब विराट उन्हें परेशान नहीं करते। 2011 के वर्ल्ड कप में इमरुल और विराट आमने-सामने थे। यह मैच ढाका में खेल जा रहा था। मैच में कायस ने 29 गेंदों में सात चौकों की मदद से 34 रन बनाए, लेकिन इस दौरान विराट कोहली ने उनकी जबरदस्त स्लेजिंग की।
अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहे इमरुल कायस ने बताया कि उन्होंने विराट कोहली की स्लेजिंग की शिकायत तमीम इकबाल से की थी। इसके बाद तमीम ने अपने तरीके से विराट कोहली की स्लेजिंग की, जिसके बाद भारतीय कप्तान ने उन्हें कभी परेशान नहीं किया।
2011 के वर्ल्ड कप में विराट कर रहे थे स्लेजिंग
इमरुल कायस ने क्रिकफ्रेजी से बात करते हुए कहा, ''विराट कोहली और मैंने 2007 में ऑस्ट्रेलिया में एक कैंप में हिस्सा लिया था। हम लोग एक महीना साथ रहे थे। हमारे बीच तब से ही काफी अच्छे रिश्ते थे। नेशनल टीम में आने के बाद मैं उनके खिलाफ पहली बार 2011 में खेल रहा था। कोहली मुझे मैच के दौरान लगातार स्लेज कर रहे थे। मैं इससे काफी हैरान था। हमारे बीच अच्छे रिश्ते होने के बावजूद भी वह मुझे लगातार स्लेज कर रहे थे।''
इमरुल ने तमीम इकबाल से की विराट की शिकायत
उन्होंने आगे बताया, ''मैं सोच रहा था कि हमने एक साथ एक महीना अच्छे से बिताया है, फिर भी वह मुझे लगातार स्लेज कर रहे हैं। लेकिन मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। इसके बाद में तमीम इकबाल के पास गया और उनसे कहा कि विराट मुझे स्लेज कर रहे हैं। इसके बाद तमीम इकबाल ने विराट कोहली को स्लेज किया। तमीम यह अच्छी तरह से कर सकते है, क्योंकि वह मैदान पर काफी आक्रामक होते हैं। इसके बाद से कोहली ने कभी मेरी स्लेजिंग नहीं की।''
इमरुल ने विराट को बताया महान खिलाड़ी
इस दौरान इमरुल ने विराट कोहली की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा, ''वह एक लीजेंडरी खिलाड़ी हैं। उनके रिकॉर्ड यह बात साबित करते हैं। वह जिस स्तर पर आज हैं, वह एक महान खिलाड़ी का स्तर है। एक बात तो तय है कि वो इतने महान खिलाड़ी बनने के बाद भी हमें याद रखते हैं। वह खुद आकर हमसे बात करते हैं।''